नसीमखान
रायसेन,
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आबकारी विभाग की जिला निष्पादन समिति की बैठक कलेक्टर श्री अरूण विश्वकर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति के सदस्य पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पाण्डे, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजू पवन भदौरिया तथा अतिरिक्त सदस्य जिल सूचना अधिकारी श्री दीपेन्द्र कटियार उपस्थित रहे। सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती वंदना पाण्डेय ने बैठक में वर्ष 2025-26 हेतु जारी आबकारी नीति के प्रमुख प्रावधानों एवं वर्तमान नीति में गत वर्ष से हुए संशोधनों के बारे में बिन्दुवार अवगत कराया गया।
नवीन नीति में अनुज्ञप्तिधारियों को कांट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन पर पंजीयन कराने की बाध्यता होने से जिले के वर्तमान 20 समूहों के अनुज्ञप्तिधारियों को कांट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर पंजीयन कराए जाने के लिए निर्देशित किया गया। वर्तमान समस्त लायसेंसियों द्वारा कांट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर पंजीयन करा लिया गया है, यह विभाग द्वारा सुनिश्चित किया गया है। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2024-25 में प्राप्त वार्षिक मूल्य रूपए 3136615482 एवं 20 प्रतिशत वृद्धि पश्चात वर्ष 2025-26 का आरक्षित मूल्य 3763938588 है। वर्ष 2025-26 ठेका निष्पादन कार्यवाही प्रथमताः नवीनीकरण के माध्यम से निष्पादन किए जाने के लिए जिले के समस्त अनुज्ञप्तिधारियों की बैठक आहूत की गई जिसमें अनुज्ञप्तिधारियों से जारी नीति निर्देश के बारे में अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त अन्य इच्छुक आवेदकों को भी नवीन आबकारी नीति के बारे में अवगत कराया गया है। जिला निष्पादन समिति की बैठक उपरांत कलेक्टर द्वारा समस्त वृत उपनिरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वह अपने प्रभारीधीन वृतों में अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम की निरंतर कार्यवाही की जाए।






