नसीम खान
रायसेन,
आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने प्रति मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित होने वाली जनसुनवाई के साथ ही विकासखण्ड स्तर पर होने वाली जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी एसडीएम, जनपद सीईओ तथा अन्य अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय तक आने की परेशानी न उठानी पड़े। इसके लिए विकासखण्ड स्तर पर ही आमजन की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकासखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि नागरिकों की समस्याओं पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की जा सके। साथ ही वीसी के माध्यम से जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली जनसुनवाई से भी जुड़ेंगे। जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव है, उनका शीघ्र निराकरण किया जाए तथा जिन मामलों में विस्तृत जांच या अन्य औपचारिकताओं की आवश्यकता है, उनमें निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा है कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस व्यवस्था का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सुलभ और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक आवेदक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उसके निराकरण के लिए गंभीरतापूर्वक प्रयास करें। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित संधारण करने, उनकी नियमित समीक्षा करने तथा निराकरण की स्थिति की सतत मॉनीटरिंग करने के निर्देश भी दिए।





