नसीम खान
सांची,,, दशहरा ड्यूटी के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम चिरहोली में जुआ खेलते चार लोगों को पकड़ा। पुलिस ने मौके से कुल 6060 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस बल दशहरा ड्यूटी के लिए कस्बा एवं देहात क्षेत्र में रवाना हुआ था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चिरहोली में सुरेश और राजपाल के खेत के पास बबूल के पेड़ के नीचे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस ने दो पंचों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर वहां जुआ खेल रहे लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अनिकेत अहिरवार (23), निवासी उदयपुर, थाना बासौदा; विक्रम अहिरवार (25), निवासी टीलाखेड़ी, विदिशा; मनीष राय (28), निवासी रामस्वरूप नगर, थाना देहात, विदिशा तथा रवि सिलावट (36), निवासी ग्राम झिरनिया, थाना सांची बताए।
पुलिस ने जुए के फड़ से 3060 रुपये तथा पकड़े गए लोगों के पास से 3000 रुपये, इस प्रकार कुल 6060 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां गवाहों के समक्ष जब्त कर लीं। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई।





