नसीम खान
सांची,,, नगर के बस स्टैंड परिसर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक रावण के पुतले का भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच दहन किया गया। इस दौरान आकर्षक झांकियों के दर्शन के लिए नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। झांकियों की सुंदर सजावट और धार्मिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह देर रात तक चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित दशहरा समारोह के दौरान रावण दहन होते ही पूरा नगर भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर मां दुर्गा की विभिन्न झांकी समितियों द्वारा आकर्षक साज-सज्जा से सुसज्जित झांकियां निकाली गईं। चल समारोह के दौरान जगह-जगह झांकियों के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही और मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
झांकियों के ठहराव के लिए मंच की व्यवस्था की गई थी, जहां अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा भी समारोह में शामिल हुए। झांकी समितियों को पुरस्कृत करने का सिलसिला भी चलता रहा।
समारोह के दौरान नगर परिषद का अमला सफाई व्यवस्था में जुटा रहा, वहीं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा स्वयं संभाले हुए थे। हिंदू उत्सव समिति सांची के अध्यक्ष विक्रम प्रताप सिंह (शनि पटेल) सहित समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
कार्यक्रम के दौरान हिंदू उत्सव समिति द्वारा बेहतर व्यवस्था और आयोजन में सहयोग के लिए अनेक कार्यकर्ताओं, नगरवासियों तथा पुलिस अधिकारियों को फूलमाला पहनाकर एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। देर रात तक चले समारोह में दर्शकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए दशहरा पर्व का आनंद लिया।





