नसीम खान
सांची,,, बारिश का मौसम होने के बावजूद पर्याप्त वर्षा नहीं होने से क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। वहीं बारिश पर निर्भर किसानों की फसलों पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। इसी को लेकर समीपवर्ती ग्राम गुलगांव में मुस्लिम समाज के लोगों ने बारिश के लिए ईदगाह पहुंचकर विशेष नमाज अदा की तथा अल्लाह के सामने हाथ उठाकर अच्छी बारिश की दुआ मांगी।
जानकारी के अनुसार इन दिनों बारिश का मौसम चल रहा है, लेकिन अपेक्षित बारिश नहीं होने से जहां आमजन चिंतित हैं, वहीं खेतों में खड़ी फसलों को लेकर किसानों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। बारिश के अभाव में फसलों पर विपरीत असर पड़ने की आशंका बनी हुई है।
इसी को लेकर गुलगांव के मुस्लिम समाज के लोग ईदगाह पहुंचे, जहां बारिश के लिए नमाज अदा कर विशेष दुआ की गई। लोगों ने अल्लाह से रहमत बरसाने, अच्छी बारिश होने, किसानों की फसलों को बचाने तथा अच्छी पैदावार के लिए दुआ मांगी। साथ ही धरती की प्यास बुझने और क्षेत्र में खुशहाली की कामना की गई।
अब लोगों की उम्मीदें आसमान की ओर टिकी हैं कि रहमत की बारिश बरसे और खेतों में फिर हरियाली लौट आए।





