नसीम खान
सांची। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़कर रख दी है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों को अब आवश्यक वस्तुओं के दामों में हो रही लगातार बढ़ोतरी के कारण दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाद्य पदार्थों से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं तक के बढ़ते दामों ने आम आदमी की जेब पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। स्थिति यह है कि सीमित आमदनी में परिवार का घरेलू बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पहले से ही खाद्य पदार्थों के बढ़ते दामों के चलते लोगों का मासिक बजट गड़बड़ाया हुआ था, वहीं अब दूध जैसी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दामों में भी बढ़ोतरी होने से घरेलू खर्च और बढ़ गया है। इसका सबसे अधिक असर मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। घर का राशन, दूध, सब्जियां और अन्य जरूरी सामान खरीदने में ही परिवारों की आय का बड़ा हिस्सा खर्च हो रहा है। ऐसे में महिलाओं के लिए भी सीमित बजट में घर का खर्च चलाना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है।
महंगाई की इस मार के बीच मध्यमवर्गीय परिवारों की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक दिखाई देती है। एक ओर गरीब परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कुछ राहत मिल जाती है, वहीं दूसरी ओर संपन्न वर्ग पर बढ़ती महंगाई का विशेष असर दिखाई नहीं देता। लेकिन मध्यमवर्गीय परिवार न तो अधिकांश सरकारी योजनाओं के दायरे में आ पाते हैं और न ही उनकी आय में खर्च के अनुपात में कोई बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में हर बार बढ़ने वाले दामों का सीधा बोझ इन्हीं परिवारों को उठाना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि महंगाई जिस तेजी से बढ़ रही है, उस अनुपात में आमदनी नहीं बढ़ पा रही है। वहीं आवश्यक वस्तुओं के दामों पर नियंत्रण और आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के मामले में संबंधित विभागों की सक्रियता भी दिखाई नहीं दे रही है। यदि इसी तरह आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ते रहे तो आने वाले समय में आम परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना और भी कठिन हो जाएगा।
महंगाई की इस लगातार बढ़ती मार ने मध्यमवर्गीय परिवारों के सामने सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सीमित आमदनी में घर-परिवार का खर्च कैसे चलाया जाए।





