नसीमखान
सांची,,
सांची सहित आसपास के क्षेत्रों में आखिरकार मानसून ने अपनी आमद दर्ज करा दी है। गुरुवार शाम से ही काले बादलों ने आसमान में डेरा डाल लिया था, और रात होते-होते गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो पूरी रात चलता रहा। लगातार बारिश से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर नगर की अधूरी तैयारियों ने नई समस्याओं को जन्म दे दिया है।
अधूरा नाला बना मुसीबत।
सबसे बड़ी चिंता का विषय बना है राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे निर्माणाधीन नाला, जो अब स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों के लिए सिरदर्द बन गया है। करीब 6 फीट गहरा और 4 फीट चौड़ा यह नाला अभी तक पूरा नहीं बन पाया है। नाले में निकासी की व्यवस्था न होने के कारण पानी भर गया है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और पशुओं की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है।
वार्ड क्रमांक 5 और 15 में रहने वाले नागरिकों ने आशंका जताई है कि यदि बारिश इसी प्रकार जारी रही, तो घरों और दुकानों में पानी भरने की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
जनता कर रही है सवाल — प्रशासन बेफिक्र।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नाले का निर्माण शुरू होते समय ही बारिश में होने वाली समस्याओं की आशंका जताई गई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने न तो निर्माण कार्य में तेजी लाई, और न ही वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की।
अब जब मानसून दस्तक दे चुका है, तो यह अधूरा नाला जन-आक्रोश का कारण बन गया है। कई लोगों का कहना है कि प्रशासन समय रहते निर्माण पूरा करता या वैकल्पिक जल निकासी की व्यवस्था करता, तो यह संकट टल सकता था। जबकि मौसम विभाग ने और अधिक बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
सड़कों पर गड्ढे और पानी की धारा।
बारिश के कारण नगर की अधिकांश सड़कों पर गड्ढे भर गए हैं और कुछ जगहों पर पानी बहकर सड़क पर आ गया है, जिससे यातायात में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
सांची जैसे ऐतिहासिक और पर्यटक महत्व वाले नगर में यदि बुनियादी ढांचे की यह स्थिति बनी रही, तो न केवल जनजीवन प्रभावित होगा, बल्कि नगर की छवि पर भी प्रश्नचिन्ह लग जाएगा। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी तत्परता से कार्य करता है, या फिर यह मामला भी चर्चा और शिकायतों में ही गुम हो जायेगा।
इस मामले में इनका कहना है।।।
इस नाले निर्माण को लेकर हमने पहले ही बारिश में होने वाली समस्या से अवगत कराया था ।तथा इस निर्माण की गति तेज करने हम ठेकेदार से भी संपर्क करते हैं तथा सीएमओ को अनेक बार अवगत कराया परन्तु इस गंभीर समस्या से न तो निर्माण ऐजेंसी न ही सीएमओ गंभीर हो सके तथा लोगों के सामने परेशानी खडी कर दी है ।जिसका खामियाजा रहवासियों एवं दुकानदारों को भुगतना पड़ेगा।विवेक तिवारी पार्षद वार्ड नं 15 नप सांची






