नसीमखान
रायसेन
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जनजातीय वर्ग के लोगों के पास, उनके घर पहुंचकर शासन की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है। इन योजनाओं का लाभ पाकर जनजातीय वर्ग के जीवन स्तर में सुधार हुआ है, आर्थिक उन्नति हुई है। जिले के सांची जनपद के ग्राम गोंदरा निवासी जमुना प्रसाद बताते हैं कि धरती आबा अभियान उनके और परिवार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है। हितग्राही जमुना प्रसाद को धरती आबा अभियान अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, विद्युत कनेक्शन, सम्बल कार्ड, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, उज्जवला योजना, सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। जमुना प्रसाद ने बताया कि उनकी पत्नि तुलसा स्व-सहायता समूह से जुड़ी है तथा उन्हें रोजगार स्थापित करने तीन लाख रू का ऋण भी मिल गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनका पक्की छत का मकान भी बन गया है। धरती आबा अभियान के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए जमुना प्रसाद बताते है कि अभियान के तहत योजनाओं का लाभ मिलने से उनके जीवन स्तर में सुधार हुआ है तथा वह और उनका परिवार खुशहाल है।






