नसीमखान
सांची,,, अतिथि शिक्षक समन्वय समिति द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला अध्यक्ष मनोहर शर्मा के नेतृत्व में आज कलेक्टर रायसेन एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि ई-अटेंडेंस प्रणाली को अतिथि शिक्षकों पर लागू न किया जाए, क्योंकि इससे अनेक व्यवहारिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। समिति का कहना है कि ई-अटेंडेंस लागू करने से पहले अतिथि शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि हजारों अतिथि शिक्षकों के पास एंड्रॉयड मोबाइल नहीं हैं। साथ ही बरसात के मौसम में नदी-नालों के उफान, जाम की स्थिति, ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या एवं बिजली की अनियमित आपूर्ति जैसी कई बाधाएं उपस्थित होती हैं, जिससे समय पर उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं हो पाता।
इसके अतिरिक्त फॉलआउट शिक्षकों को प्राथमिकता दिए जाने तथा वरीयता क्रम के आधार पर रिक्त पदों पर नियुक्ति किए जाने की भी मांग की गई। समिति ने आग्रह किया कि अतिथि शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित समाधान की दिशा में शीघ्र कदम उठाए जाएं।






