नसीमखान
सांची,,, 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत आज सांची थाना पुलिस द्वारा सीएमराइज स्कूल में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्री जेपी त्रिपाठी ने छात्रों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी।
थाना प्रभारी श्री त्रिपाठी ने कहा कि “नशे की लत किसी भी गंभीर बीमारी से अधिक खतरनाक है। यह न केवल व्यक्ति को, बल्कि उसके पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है। इससे परिवार उजड़ जाते हैं, रिश्ते टूटते हैं और सामाजिक प्रतिष्ठा भी समाप्त हो जाती है।”
उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे खुद को नशे से दूर रखें और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने का संकल्प लें। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं और उन्हें चाहिए कि वे अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर में इस अभियान को आगे बढ़ाएं, ताकि समाज नशा मुक्त और उन्नत बन सके।
सभी विद्यार्थियों ने इस अवसर पर नशे के विरुद्ध संकल्प लिया और इसे एक सामाजिक आंदोलन के रूप में अपनाने की बात कही। थाना प्रभारी ने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थियों की भूमिका इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण होगी।






