नसीमखान
रायसेन,
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री अनिल कुमार सोहाने के मार्गदर्शन में सामाजिक अनुसंधान एवं विकास संस्थान के सहयोग से दिनांक 30 जुलाई को मानव तस्करी के विरूद्ध विश्व दिवस के अवसर पर बाइक रैली का आयोजन किया गया। बाइक रैली को प्रातः 11 बजे जिला न्यायालय परिसर रायसेन से प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री अनिल कुमार सोहाने द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश सहित श्री अरविंद रघुवंशी विशेष न्यायाधीश, श्री अरविंद जैन प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय, जिला न्यायाधीश श्री धर्मपाल सिंह सिवाच, श्री कमलेश कुमार इटावदिया, श्री सुनील कुमार शौक, श्री सचिन जैन एवं महेश कुमार माली, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अजय कुमार यदु, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती हर्षिनी यादव, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सौम्या साहू अस्थाना एवं श्री संचित अस्थाना, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अनीस उद्दीन अब्बासी, सामाजिक अनुसंधान एवं विकास संस्थान (आईएसआरडी) के सदस्य, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, एवं पैरालीगल वालेंटियर्स सम्मिलित हुए।
इस मौके पर प्रधान जिला न्यायाधीश ने कहा कि 30 जुलाई को मानव तस्करी के विरूद्ध विश्व दिवस मनाया जाता है। यह दिन मानव तस्करी के पीडितों के प्रति जागरूकता बढाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने के लिए समर्पित है। इस दिवस पर हम सभी को मानव तस्करी के विरूद्ध खतरें के बारें में जागरूक होने और इसे रोकने के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता है। इस अवसर पर श्रीमती हर्षिनी यादव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने मानव तस्करी को एक गंभीर सामाजिक एवं कानूनी अपराध बताते हुए इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह अपराध गरीबी, अशिक्षा, बेरोज़गारी और असमानता जैसी सामाजिक समस्याओं से जुड़ा है और इसके खिलाफ समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक व सजग होना चाहिए।
रैली न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर सांची/भोपाल रोड चौराहा, बस स्टैंड एवं दरगाह क्षेत्र से होते हुए दोपहर 2 बजे सागर रोड स्थित नवीन ढाबा के पास संपन्न हुई। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर पंपलेट वितरण, सार्वजनिक संबोधन एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, छात्रों एवं समुदाय के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।






