नसीमखान सांची
सांची,,,
नगर में पिछले तीन दिनों से लगातार शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। आसमान में छाए घने बादलों ने सूर्यदेव के दर्शन दुर्लभ कर दिए हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंडी हवाओं के तेज़ झोंकों ने मौसम को कड़ाके की ठंड में बदल दिया है।
नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और अलावों का सहारा ले रहे हैं। सुबह और शाम के समय सड़कों पर सन्नाटा और लोगों में सिहरन का माहौल देखा जा रहा है।
इस बीच, हल्की बौछारें पड़ने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। खेतों में खड़ी धान की फसलें कटाई के इंतजार में हैं, लेकिन लगातार भीगते मौसम के कारण हार्वेस्टर मशीनें खेतों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। किसानों को डर है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ, तो फसलें प्रभावित हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों तक शीतलहर और ठंडी हवाओं से राहत मिलने की संभावना नहीं है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।
शीतलहर और रुक-रुक कर हो रही बौछारों ने जहां मौसम को सर्द बना दिया है, वहीं किसानों की उम्मीदों पर बादल मंडराने लगे हैं। शाम ढलते ही ठंड इतनी बढ़ जाती है कि लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं।






