नसीमखान सांची, रायसेन
रायसेन,
कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा ग्राम सिरसौदा में एकीकृत शासकीय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राचार्य और शिक्षकों से विद्यालय में पदस्थ स्टॉफ, विद्यार्थियों की संख्या, शैक्षणिक प्रगति और विद्यालय का गत वर्ष के परीक्षा परिणाम की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आगामी परीक्षा में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहे, इसके लिए कार्ययोजना बनाकर विद्यार्थियों को पढ़ाएं। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों से भी संवाद कर विद्यालय नियमित खुलने और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से पाठ्यपुस्तक से प्रश्न पूछकर उनका शैक्षणिक स्तर भी जाना।
इसके उपरांत कलेक्टर श्री विश्वकर्मा द्वारा सिरसौदा में ग्रामीणों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं तथा खेती-किसानी के बारे में चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वह शासकीय विद्यालय, आंगनवाड़ी केन्द्र आदि का समय-समय पर भ्रमण कर गतिविधियों को भी देखें। साथ ही बच्चों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने के लिए कहा। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने के बारे में भी जानकारी ली। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।






