नसीमखान सांची
एसडीएम मनीष शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, ट्रैफिक डायवर्जन और सतर्कता के दिए गए निर्देश।
सांची,,आगामी महाबोधि महोत्सव को लेकर आज थाना परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मनीष शर्मा ने की। महोत्सव को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु जहां अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, वहीं उपस्थित नागरिकों और पत्रकारों से भी सुझाव आमंत्रित किए गए। बैठक में महोत्सव में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर विशेष नजर रखने और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए।
इस अवसर पर एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम तहसीलदार भारत सिंह मंडले, नायब तहसीलदार ललित सक्सेना, थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी, नगर परिषद के अधिकारी, पत्रकारगण और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
एसडीएम मनीष शर्मा ने कहा कि महाबोधि महोत्सव नगर की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, इसलिए सभी विभागों को समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनाना होगा। उन्होंने नगर परिषद को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं, पेयजल, साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत मंडल को निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।
नगर से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को महोत्सव के दौरान निर्धारित मार्गों से डायवर्ट करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने नागरिकों से अपील की कि नगर में आने वाले हर व्यक्ति पर सतर्क दृष्टि रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि होटलों और लॉज में ठहरने वाले व्यक्तियों का रिकॉर्ड नियमित रूप से एकत्र किया जाए।
हाल ही में जिले में घटी एक दुखद घटना का उल्लेख करते हुए एसडीएम ने बताया कि आरोपी की तलाश में प्रशासन निरंतर प्रयासरत है और ड्रोन सहित सभी आवश्यक साधनों का उपयोग कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर नप अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने कहा कि हमारे नगर की यह गौरवशाली परंपरा रही हैं हर वर्ष इस आयोजन में आने वाले लोगो को हम अपना अतिथि समझते है तथा हमारा प्रयास रहता है उन्हें हर सुविधाएं उपलब्ध कराईं जाये ।नगर वासियों का इसमे पूरा सहयोग रहता है
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने भी कहा कि महोत्सव के सुचारू संचालन के लिए पुलिस प्रशासन को नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है।
महाबोधि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासन और नागरिकों का यह संयुक्त प्रयास सुरक्षा और सौहार्द की मिसाल बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






