नसीमखान सांची
सांची,,, नववर्ष 2026 के पहले दिन विश्व प्रसिद्ध सांची स्तूप परिसर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। चारों ओर उत्सव का माहौल रहा और स्तूप परिसर दिनभर खचाखच भरा दिखाई दिया। देश-विदेश से आए सैलानियों ने नए साल की शुरुआत ऐतिहासिक धरोहर के बीच उत्साहपूर्वक की।
भीड़ के चलते स्तूप प्रशासन को व्यवस्थाएं संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, वहीं पर्यटकों की संख्या अधिक होने से पुरातत्व विभाग को भी अच्छी आय होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
उधर, सांची में साप्ताहिक हाट बाजार होने के कारण स्तूप रोड पर आवागमन बेहद कठिन रहा। शिवमंदिर चौराहे पर पुलिस को यातायात नियंत्रित करने में काफी संघर्ष करना पड़ा, वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और सड़क पार कराने में पुलिस को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी।
इसके अलावा, रामलीला कार्यक्रम के चलते हाट बाजार भी स्तूप रोड पर ही लगने से भीड़ और अधिक बढ़ गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल और जनजमावड़ा बना रहा।






