नसीमखान सांची
सांची,,,आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों की उपस्थिति रही।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने कहा कि सांची नगर शांति और भाईचारे की पहचान है, और सभी नागरिकों का दायित्व है कि इस परंपरा को बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शराब दुकानों के निर्धारित समय के बाद अवैध बिक्री पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने अपील की कि होली जैसे त्योहारों में किसी पर जबरन रंग न डाला जाए तथा छोटी-छोटी बातों को तूल न दिया जाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन निरंतर सक्रिय रहेगा।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार ललित सक्सेना ने भी नागरिकों से अपील की कि सभी त्योहार आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाए जाएं। विशेष रूप से होलिका दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया गया।
नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि हम सभी एक परिवार की तरह हैं और त्योहार हमें एकता व भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी से सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी अपने सुझाव रखे और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
सांची की पहचान उसकी सामाजिक एकता है — और यही एकता त्योहारों की असली ताकत भी है।





