नसीमखान सांची
सांची,,,नगर भर में आज रंगों का पावन पर्व होली हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जगह-जगह हुरियारों की टोलियां सूखे रंगों से होली खेलती नजर आईं और पूरे नगर में उल्लास का माहौल बना रहा।
एक ओर मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान माह चल रहा है, तो दूसरी ओर होली का पर्व पूरी शांति और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हुआ। दोनों पर्वों के बीच नगर में सामाजिक समरसता की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। नगरवासियों ने संयम और समझदारी का परिचय देते हुए त्योहार मनाया, जिससे सभी को राहत और संतोष का अनुभव हुआ।
होली के अवसर पर प्रमुख नागरिकों की टोलियां उन परिवारों के घर भी पहुंचीं, जिनके परिजन इस वर्ष स्वर्गवासी हो गए। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को गुलाल लगाकर सांत्वना दी और उनके दुख में सहभागिता जताई। महिलाओं की टोलियों ने भी संबंधित परिवारों की महिलाओं से मिलकर उनका मनोबल बढ़ाया और संवेदनाएं व्यक्त कीं। यह दृश्य मानवीय संवेदना और सामाजिक एकता का प्रतीक बना रहा।
शांतिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न होने पर नगर परिषद अध्यक्ष पप्पू रेवाराम ने नगरवासियों को बधाई देते हुए सौहार्द बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं नगर परिषद के सीएमओ रामलाल कुशवाहा तथा थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने भी सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
रंगों के इस उत्सव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सांची की पहचान केवल ऐतिहासिक धरोहर से नहीं, बल्कि आपसी प्रेम और भाईचारे से भी है।
आज दूसरे दिन पुलिस ने थाना परिसर में जमकर होली खेली तथा गुलाल उडाया इस मौके पर सभी पुलिस कर्मी रंगगुलाल मे सराबोर दिखाई दिये ।





