नसीम खान सांची
सांची — नगर से लगभग तीन किलोमीटर दूर विदिशा रोड स्थित अग्रवाल एकेडमी के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर जा रही एक एक्टिवा को पीछे से आ रहे 407 वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गिरते ही एक्टिवा में आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि एक्टिवा चालक राजेंद्र महेश्वरी, पिता लक्ष्मीचंद्र महेश्वरी, निवासी नंदवाना मोहल्ला, विदिशा हैं। दुर्घटना में वह घायल हो गए। सूचना मिलते ही सांची पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एक्टिवा पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस ने घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं जली हुई एक्टिवा और 407 वाहन को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है।
समाचार लिखे जाने तक फरियादी की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
समय पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया।





