नसीमखान सांची
सांची ,,,
थाना सांची क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेढ़की में शासकीय उचित मूल्य दुकान से फरवरी माह से गेहूं वितरण नहीं होने पर हितग्राहियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में रायसेन रोड पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही सांची थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी और सलामतपुर थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी अपने-अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश देकर जाम खुलवाया, लेकिन ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए प्रशासन को तत्काल सूचित किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम मेढ़की स्थित उचित मूल्य दुकान से पंचायत के पांच गांव—मेढ़की, रतनपुर, खामखेड़ा, बहेड़िया सहित अन्य गांवों के हितग्राही राशन प्राप्त करते हैं, लेकिन फरवरी माह से अब तक अनाज वितरण नहीं किया गया। दुकान संचालकों द्वारा भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने से लोगों में आक्रोश बढ़ता गया।
मौके पर पहुंचे रायसेन एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी तथा सांची नायब तहसीलदार ललित सक्सेना ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने उचित मूल्य दुकान में अनियमितता की जांच कराने तथा दोषी संचालक के विरुद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसडीएम द्वारा जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही राशन वितरण शुरू नहीं हुआ तो वे पुनः आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
“राशन जैसी मूलभूत जरूरत पर लापरवाही ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।”





