नसीमखान सांची
सांची,,
नगर सहित आसपास के क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने बादलों ने डेरा जमा लिया और तेज गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। लंबे समय से तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोग बेहाल हो रहे थे तथा दिनभर घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था।
जानकारी के अनुसार शाम होते-होते मौसम का रुख बदला और आसमान में काले बादल छा गए। तेज बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच कुछ देर तक बारिश की फुहारें पड़ीं, जिससे वातावरण में हल्की ठंडक घुल गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली, हालांकि बारिश अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुई और कुछ ही देर में बादल छंटने लगे।
क्षेत्र के लोगों का मानना है कि हल्की बूंदाबांदी के बाद यदि पर्याप्त वर्षा नहीं हुई तो जमीन से उमस और भाप बढ़ सकती है, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस हो सकता है। वहीं मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में वर्षा की संभावना जताई जा रही है, जिससे लोगों में राहत की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से दोपहर बाद आसमान में बादल तो दिखाई दे रहे हैं, लेकिन अधिकांश समय बिना बरसे ही लौट जाते हैं। इससे तापमान और उमस दोनों में बढ़ोतरी हो रही है तथा लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
दूसरी ओर किसान भी मानसून के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खरीफ सीजन की मुख्य फसल धान की तैयारी शुरू हो चुकी है और किसान खेतों की तैयारी के साथ-साथ खाद-बीज की व्यवस्था में जुटे हुए हैं। ऐसे में समय पर अच्छी वर्षा होना किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भीषण गर्मी के बीच मौसम की यह हल्की दस्तक राहत तो दे गई, लेकिन अब सबकी निगाहें मानसून की पहली जोरदार बारिश पर टिकी हैं।





