नसीम खान
रायसेन,
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन-2024 की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। जिले में लोकसभा आम निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचितापूर्ण रूप से सम्पन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरविंद दुबे के निर्देशानुसार जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारियों, कर्मचारियों की बैठक तथा प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रायसेन स्थित स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में विधानसभा क्षेत्र-142 अंतर्गत सुपरवाईजर तथा बीएलओ की बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें सहायक रिटर्निंग ऑफिसर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया द्वारा सुपरवाईजर तथा बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी सुपरवाईजर तथा बीएलओ को आदर्श आचार संहिता तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने हुए निर्वाचन दायित्वों को निर्वहन करने के निर्देश दिए।






