नसीमखान
सिलवानी के ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर आयुष्मान आरोग्य केन्द्र, शासकीय छात्रावास, गौशाला तथा पंचायत कार्यालय का किया निरीक्षण
रायसेन,
कलेक्टर श्री अरूण विश्वकर्मा द्वारा शुक्रवार को सिलवानी विकासखण्ड में ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर आयुष्मान आरोग्य केन्द्र, पंचायत कार्यालय, शासकीय छात्रावास तथा शासकीय गौशाला का निरीक्षण कर जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क सहित अन्य विकास कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं तथा विकास कार्यो का ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए और नागरिकों तक इनका लाभ सुगमता से पहुंचे।
कलेक्टर श्री अरूण विश्वकर्मा द्वारा शुक्रवार को सिलवानी विकासखण्ड के ग्राम जमुनिया में आयुष्मान आरोग्य केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्य अमले से केन्द्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाईयों की उपलब्धता, टीकाकरण की स्थिति, उपस्थिति पंजी, प्रतिदिन स्वास्थ्य जांच और उपचार हेतु आने वाले व्यक्तियों की औसतन संख्या आदि की विस्तृत जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। साथ ही ग्राम में स्वास्थ्य अभियानों और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन भी हो।
इसके उपरांत कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जमुनिया में ही शासकीय आवासीय बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर अधिकारियों से छात्रावास में निवासरत् बालिकाओं की संख्या, नाश्ता-भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक परिवेश मिले, गुणवत्तापूर्ण व मीनू अनुरूप नाश्ता तथा भोजन प्रदाय किया जाए। छात्रावास में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था ना हो, यह सुनिश्चितश् करें। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने उचेरा जमुनिया में शासकीय गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान गौवंश की संख्या, उनके चारा-पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए गौशाला के व्यवस्थित और सुचारू संचालन के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने गौशाला में गोबर से गौकाष्ठ, खाद सहित अन्य उत्पादों के निर्माण किए जाने के संबंध में भी चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायत कार्यालय का भी भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कलेक्टर द्वारा ग्रामीणों से भी संवाद कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिलने तथा ग्राम में विकास कार्यो के बारे में जानकारी ली गई। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी जानीं और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री, एसडीएम श्री पीसी शाक्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






