नसीम खान
सांची,,,अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री तथा संपत्ति संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए रायसेन पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सांची एवं सलामतपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन में एसडीओपी रायसेन प्रतिभा शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने बुधवार तड़के ग्राम ज्ञानपुरा गुलगांव के पारदी मोहल्ले में सर्चिंग अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 4 बजे की गई कार्रवाई के दौरान अलग-अलग घरों में कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 3000 लीटर लाहन मौके पर नष्ट किया गया। वहीं एक महिला के कब्जे से 7 लीटर कच्ची शराब बरामद कर कार्रवाई की गई। सर्चिंग के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
कार्रवाई के दौरान सांची पुलिस ने धौल सिंह मोगिया के कब्जे से एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल एवं 55.980 लीटर देशी शराब, निर्मल मोगिया से 5 लीटर, राजा मोगिया से 6 लीटर, पप्पू पिता राधे मोगिया से 5 लीटर तथा गोपाल उर्फ पराग मोगिया से 7 लीटर कच्ची शराब जब्त की। इनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
इसी प्रकार सलामतपुर पुलिस ने शेखर मोगिया एवं उमेश मोगिया के कब्जे से एक मोटरसाइकिल तथा देशी शराब, जबकि पप्पू उर्फ प्रकाश एवं अरुण उर्फ अजय मोगिया के कब्जे से एक मोटरसाइकिल जब्त की। रोकी मोगिया के कब्जे से 22 क्वार्टर तथा राजबाबू मोगिया के कब्जे से 24 क्वार्टर देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में कुल 141.26 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 68 हजार रुपए तथा तीन मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपए है, जब्त की गईं। वहीं कार्रवाई के दौरान 3000 लीटर लाहन मौके पर नष्ट किया गया।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व से मारपीट, वाहन चोरी एवं लूट जैसे अपराध तथा स्थायी वारंट लंबित थे। ऐसे फरार आरोपियों के विरुद्ध भी मौके पर कार्रवाई की गई।
फरार आरोपियों की धरपकड़ और अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
12 आरोपियों पर कार्रवाई | 3000 लीटर लाहन नष्ट | 141.26 लीटर शराब जब्त | 3 मोटरसाइकिलें जब्त | करीब 2.68 लाख रुपए की जब्ती





