नसीमखान सांची, रायसेन
रायसेन,
राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने मीडिया प्रतिनिधियों से जिले में अभी तक किए गए विकास कार्यो, योजनाओं की प्रगति तथा उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए कहा कि रायसेन जिले ने विगत दो वर्षो में विकास के हर क्षेत्र में नवीन कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
जिले के प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कहा कि विगत दो वर्षो में रायसेन जिले ने औद्योगिक, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सिंचाई, सड़क, रोजगार सहित नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान में रायसेन ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तीन माह में दो हजार 425 खेत-तालाब, 23 अमृत सरोवर और 1686 रिचार्ज पिट बनाए गए। इन प्रयासों से पांच हजार एकड़ भूमि सिंचित हुई और भूजल स्तर की वृद्धि दर्ज हुई। अधोसंरचना में रायसेन-टेकापार से गैरतपुर तक लगभग पांच किमी की सड़क चौड़ीकरण का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ जबकि देहगांव-बम्होरी मार्ग का निर्माण पूरी तरह सम्पन्न हुआ।
प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कहा कि उद्योग एवं रोजगार के क्षेत्र में मण्डीदीप औद्योगिक क्षेत्र में बीईएमएल रेल हब नक्ष्टजेन रोलिंग स्टॉक फैक्ट्री की नींव रखी गई है। साठ हेक्टेयर में 1800 करोड़ रू की इस परियोजना से 1600 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे और 750 से अधिक औद्योगिक इकाईयों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती मिलेगी। इसी प्रकार पर्यटन के मामले में रातापानी टाइगर रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्र में पांच एंटी-पोचिंग दल सक्रिय किए गए, बारना जलाशय व मौसमी तालाबों की सफाई कर वॉटर होल बहाल किए गए। प्रशिक्षित वन मित्र स्थानीय समुदाय को पर्यटन से जोड़ते हुए सफारी व ईको-कैंप चला रहे हैं।
जिले में सिंचाई के क्षेत्र में हुए कार्यो की जानकारी देते हुए प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने बताया कि बारना बांध समूह जल योजना और गैरतगंज-सिलवानी नलजल योजना और नर्मदा नदी समूह योजना सहित बड़े प्रोजेक्ट्स प्रगति पर हैं जिनसे सैकड़ों ग्रामों में सिंचाई और पेयजल आपूर्ति संभव होगी। एडीबी पैकेज-35 के तहत चार मार्गो का 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसी प्रकार शिक्षा में वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख 33 हजार 820 के लक्ष्य के विरूद्ध एक लाख 38 हजार 507 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ, जो कि 103.5 प्रतिशत उपलब्धि है। जिले में मुख्यमंत्री सांदीपनि स्कूल योजना में प्रथम चरण में 08 और द्वितीय चरण में 06 विद्यालयों को आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय व खेल सुविधाएं प्रदान की गईं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में आयुष्मान भारत-निरामयम् योजना के तहत 8 लाख 23 हजार 451 हितग्राहियों को कार्ड जारी हुआ और एक लाख 78 हजार 81 का निःशुल्क उपचार हुआ।
प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने जिले में जल जीवन मिशन के कार्यो की जानकारी देते हुए बताया कि पांच नलजल परियोजनाओं से 1041 ग्रामों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया, जिस पर एक हजार 249 करोड़ रू व्यय हुए। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत एक लाख 74 हजार 133 परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदाय किया गया है। इसी प्रकार कृषि विपणन में वर्ष 2024-25 में चार हजार 802 किसानों से 66 हजार 294 क्विंटल धान और 2025-26 में 55 हजार 177 किसानों से 5 लाख 49 हजार 375 क्विंटल गेहूॅ की खरीदी हुई है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि रायसेन जिला विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने मीडिया प्रतिनिधियों से जिले के विकास हेतु सुझाव देने के लिए कहा।






