नसीमखान सांची, रायसेन
रायसेन,
रायसेन स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में जिले के समस्त शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों के प्रचार्यो की समीक्षा बैठक सह संगोष्ठि का आयोजन किया गया। जिसमें कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने शासकीय स्कूलों के बोर्ड परीक्षा परिणामों में वृद्धि एवं शासन की विभिन्न विभागीय योजनाओं के कुशल क्रियान्वयन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं प्राचार्यो को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में शासकीय विद्यालयों का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के लिए चरणबद्ध रूप से प्रयास करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जिले के 45 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यालयों के प्राचार्यो से परीक्षा परिणाम कम रहने का कारण पूछते हुए इस वर्ष परीक्षा परिणाम सुधारने की कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हेतु मिशन मोड में कार्य करने और प्रदेश की मेरिट में शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को लाने हेतु संकल्पित होकर कार्य करने के लिए कहा। बैठक सह संगोष्ठि में जिला शिक्षा अधिकारी श्री डीडी रजक द्वारा समेकित छात्रवृत्ति योजना, सीएम हेल्पलाईन आदि को गंभीरता से कुशलतापूर्वक समयावधि में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में सहायक संचालक मोनिका पटेल, प्राचार्य डाइट श्री विजय कुमार नेमा, डीपीसी श्री पीके रैकवार, सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी तथा सभी हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित रहे।






